बाली उपखंड के नाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध डोडा पोस्त से भरी स्कॉर्पियो से 462.600 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। एसपी मोनिका सेन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह, बाली डीएसपी भवानी सिंह के सुपरविजन में नाना थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। नाना थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम नाना से भारला चौराहा पहुंची। वहां भारला गांव की तरफ से तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने गाड़ी धीमी की। फिर अचानक गाड़ी भगाने की कोशिश की। पुलिस ने स्पाइक स्ट्रिप से टायर बर्स्ट कर दिए। इसके बावजूद स्कॉर्पियो सवार सेंदला से कुमटिया की तरफ झाड़ियों में गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। पुलिस टीम तस्करों की तलाश में लगी है। स्कॉर्पियो की तलाशी में 462.600 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इस कार्रवाई में थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा, आसाराम सहायक उप निरीक्षक, राजेंद्र सिंह राठौड़ सहायक उप निरीक्षक, कांस्टेबल राजवीर सिंह, प्रदीप सिंह, दीपक, राहुल, नरेंद्र, दीपक का सराहनीय सहयोग रहा।