श्री अखिल हिंदू विश्वकर्मा सुथार समाज सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में सुथार समाज धर्मशाला, सुधा पर्वत में समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विजयराज सुथार एवं रेवा भाई धर्मशीभाई सुथार ने की। इस दौरान समाज के गणमान्य बंधुओं एवं 51 सदस्यीय कमेटी के सदस्यों की उपस्थिति में समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से नारायण जांगिड़ पुत्र हिमताजी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं जगदीश भाई मेवाड़ा को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा बीजोल भाई रामसिंह भाई सुथार एवं मसराजी सुथार, डूंगरी को उपप्रमुख पद का दायित्व दिया गया। बैठक में मंत्री, सहमंत्री, कोषाध्यक्ष, संगठन मंत्री, प्रचार-प्रसार समिति, मीडिया प्रभारी, कारोबारी समिति एवं सलाहकार समिति सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया। इन सभी समितियों में कुल 51 सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर सभी ने समाज की एकता, संगठन, भाईचारे एवं सेवा भावना को मजबूत करने तथा समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक का समापन समाज की एकजुटता एवं सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।