हरियाणा के नारनौल के सदर थाना के गांव में एक 21 वर्षीय युवक ने अपने मामा के गांव में आकर पेड़ से फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल से पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के अलवर जिले के मांढन थाना के गांव नानगवास निवासी करीब 21 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार पिछले तीन दिनों से अपने मामा के घर गांव नांगल काठा में आया हुआ था। परिजनों के अनुसार वह अविवाहित था और कुछ दिनों के लिए यहां आया हुआ था। खेते में पेड़ पर लटका मिला शव पुलिस को गुरुवार को सूचना मिली थी कि गांव के खेतों के पास एक युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ है। इसके बाद सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। बाद में शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई नागरिक अस्पताल में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई अमल में लाते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजन उसे अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव लेकर रवाना हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं, घटना के बाद नांगल काठा और मृतक के पैतृक गांव नांगवास में शोक की लहर है।