करौली जिले में सपोटरा इलाके के नारौली डांग में सड़क किनारे बने एक खुले नाले में गिरने से एक ऊंट की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण आबादी क्षेत्र में यह नाला लंबे समय से खुला पड़ा है, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है। पानी निकासी के लिए ​बनाया गया था नाला यह नाला नारौली डांग कस्बे में ताजपुर से मलारना स्टेशन तक बन रही 43 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना के तहत पानी निकासी के लिए बनाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार गुलाब की कोठी तिराहे से शराब के ठेके की ओर आबादी क्षेत्र में निर्मित इस नाले का निर्माण घटिया तरीके से किया गया है। नाले को ढकने की नहीं की गई व्यवस्था सबसे बड़ी समस्या यह है कि इस नाले को ढकने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण यह लगातार हादसों का कारण बन रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि नारौली डांग से नारायणपुर रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर गुलाब की कोठी से शराब के ठेके तक कई घर बसे हुए हैं। इस क्षेत्र में रहने वाले बच्चे दिनभर नाले के पास खेलते रहते हैं और इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। खुले नाले के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। अधिकारियों पर अनदेखी और लापरवाही का आरोप स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्ग पर वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।