नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान और जनजागरूकता रथ अभियान के तहत विभिन्न गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने गांव गुड़ा और झालो की मदार ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान विधायक ने जनजागरूकता रथ के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के जरिए आमजन का जीवन स्तर बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने जनजागरूकता रथ का स्वागत करते हुए विकास कार्यों के प्रति समर्थन जताया। विधायक मेवाड़ ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।