नाथद्वारा में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बस स्टैंड के सामने सर्विस रोड पर हुआ, जहां पीछे से आई एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे नाथद्वारा से लालबाग की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर एक बाइक सवार युवक जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया और पास से ही गुजर रही रोडवेज बस के पिछले पहिए के नीचे आ गया। हादसा इतना भयानक था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी, कार ड्राइवर फरार घटना की सूचना मिलते ही श्रीनाथजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नाथद्वारा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। एसआई लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और मृतक के पास मिले सामान की मदद से उसकी शिनाख्त करने में जुटी है। वहीं, हादसे के बाद मौके से फरार हुई अज्ञात कार और उसके ड्राइवर की तलाश के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी करा दी गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।