नाथद्वारा के बस स्टैंड स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। घाट सेक्शन से उतरते समय अचानक एक ट्रेलर के ब्रेक फेल हो गए। सामने भीड़भाड़ और अन्य वाहनों को देखते हुए ड्राइवर ने तत्काल सूझबूझ का परिचय दिया और ट्रेलर को सीधे फुटपाथ पर चढ़ा दिया। इससे किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई और हादसा टल गया। हादसे में ट्रेलर ड्राइवर और कंडक्टर को मामूली चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, बागेरी नाका परियोजना के फिल्टर प्लांट में नई पाइप लाइन जोड़ने का काम चल रहा है। इसके चलते नेशनल हाईवे से भारी वाहनों का ट्रैफिक डायवर्ट कर नगर के बस स्टैण्ड होते हुए निकाला जा रहा है। इसी दौरान ढलान वाले घाट सेक्शन से उतरते समय ट्रेलर के ब्रेक अचानक फेल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर श्रीनाथजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ट्रेलर को मार्ग से हटवाकर बाधित यातायात को सुचारू करवाया।