उदयपुर में चलते ट्रक की धमाके के साथ डीजल की टंकी फट गई, ट्रक चारों तरफ से आग से घिर गया। ट्रक ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। दरअसल, सोप स्टोन पाउडर से भरा ट्रक उदयपुर से अहमदाबाद की तरफ जा रहा था। तभी पीपली-अ गांव स्थित पेट्रोल पंप के सामने यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शी पेट्रोल पंप कर्मचारी मोड सिंह ने बताया कि ट्रक आकर जैसे ही पंप के सामने रुका तो तेज आग की लपटें दिखाई दीं। ड्राइवर ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार ट्रक पूरी तरह जल गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पिपली-अ स्थित नेशनल हाईवे-48 पर हादसा हुआ। सूचना पर ऋषभदेव थाना पुलिस के एएसआई अनिल मीणा, कांस्टेबल अनुज, राजेश पाटीदार पहुंचे और ट्रैफिक बंद कराया। पुलिस ने दमकल बुलाकर आग पर काबू पाया, जिसके बाद ट्रैफिक बहाल किया गया। जांच में सामने आया कि ट्रक के डीजल की टंकी फटने की वजह से अचानक आग लगी थी, लेकिन टंकी क्यों फटी, यह पता नहीं चल पाया है। अब देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… इनपुट: शैलेन्द्र जैन, ऋषभदेव