भास्कर न्यूज| जैसलमेर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर 9 मई को जिले के सभी न्यायिक और राजस्व न्यायालयों में इस वर्ष की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत लगेगी। आयोजन जिला एवं सेशन न्यायाधीश जैसलमेर ओमी पुरोहित के निर्देशन में होगा। लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन स्टेज पर धन वसूली के प्रकरण, विद्युत विभाग के बकाया बिलों के प्रकरण, बीएसएनएल के बकाया बिलों से जुड़े प्रकरण रखे जाएंगे। न्यायालयों में लंबित प्रकरणों में दाण्डिक शमनीय अपराध, धारा 138 परक्राम्य विलेख अधिनियम के मामले, धन वसूली मामले, एमएसीटी मामले, वैवाहिक और भरण-पोषण के विवाद, घरेलू हिंसा के विवाद तलाक को छोड़कर, श्रम और नियोजन संबंधी विवादों के प्रकरण, राजस्व प्रकरण, उपभोक्ता संरक्षण मंच में लंबित प्रकरण, अन्य सिविल मामले शामिल होंगे। राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए पांच बेंचों का गठन किया गया है। लोक अदालत सुबह 10 बजे से संबंधित न्यायालयों में शुरू होगी।