भास्कर न्यूज | टोंक जिला भाजपा कार्यालय में नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण के मुद्दों पर चर्चा के बीच पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को लेकर पूछे गए सवाल ने राजनीतिक माहौल को भी चर्चा में ला दिया। हालांकि भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अलका सिंह गुर्जर ने संतुलित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वसुंधरा राजे पार्टी की वरिष्ठ और राष्ट्रीय स्तर की नेता हैं, जिनका भाजपा में विशेष स्थान है और उनकी बातों का पूरा सम्मान किया जाता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी सामूहिक नेतृत्व के साथ आगे बढ़ती है और सभी नेता संगठन की मजबूती के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौर के बयान को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि इस विषय पर वही बेहतर जवाब दे सकते हैं। इससे पूर्व प्रेसवार्ता में डॉ. अलका सिंह गुर्जर ने नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी पर केंद्र सरकार की पहल को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है, जिसमें एससी-एसटी महिलाओं को भी समान भागीदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि नारी अब केवल विकास की लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सारथी बन चुकी है। महिलाओं के नेतृत्व में ही एक सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण संभव है। 2014 के बाद महिलाओं को अधिक अवसर मिले हैं और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ी है। यह अधिनियम केवल कानून नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और नीति-निर्माण में सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है।