नौगांवा पुलिस ने गाय चोरी कर उसकी हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी अजरु उर्फ नजरू पुत्र पप्पू ईसन का थाना नौगांवा को गिरफ्तार किया है। 4 आरोपी पूर्व में गिरफ्तार हो चुके है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन छुरे (दातिया) भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को नाखनौल निवासी करणसिंह पुत्र राकेश ने नौगांवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 2:30 से 3 बजे के बीच कुछ अज्ञात लोग उनकी गाय खोलकर ले गए। गांव के पास एक बाजरे के खेत में गाय की हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। वहां गाय के अवशेष, खाल, खून और हत्या में इस्तेमाल हथियार मिले। अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देश पर थाना प्रभारी हरदयाल सिंह यादव के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। इस टीम ने अज्ञात आरोपियों की तलाश की और घटना के चार घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम हैं: 1. अजरू उर्फ नजरू (22), पुत्र पप्पू, जाति कुरैशी, निवासी ईशन का बास, थाना नौगांवा। (मुख्य आरोपी) 2. हकमुद्दीन उर्फ हक्कू (30), पुत्र पप्पू, जाति मेव, निवासी ईसन का बास, थाना नौगांवा। 3. मुरसलीम (30), पुत्र दीन मोहम्मद, जाति मेव, निवासी औदाका, थाना नौगांवा। 4. अरसद (37), पुत्र रुजदार, जाति मेव, निवासी खेड़ी, थाना पिनगवां, जिला नूंह, मेवात हरियाणा। 5. मुस्तकीम (30), पुत्र ईसाईल, जाति कुरैशी, निवासी दोहा, थाना फिरोजपुर झिरका, जिला नूंह, मेवात हरियाणा, जो फिलहाल अतरिया स्टैंड, थाना नौगांवा में रहता है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में नौगांवा थानाधिकारी और पुलिस निरीक्षक हरदयाल सिंह यादव, सहायक उप निरीक्षक कपिल देव, हेडकांस्टेबल देवेंद्र सिंह, अजीत कुमार, धर्मेंद्र कुमार और राजेश कुमार शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों से घटना के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही, इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका और घटना से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।