बजरिया के टोंक बस स्टैंड पर नवरात्र महोत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आ रहा है। नवरात्रा सेवा समिति और टोंक बस स्टैंड व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा है। दिनभर धार्मिक आयोजनों के साथ शाम को हुई माता की महाआरती में श्रद्धालु उमड़ पड़े। वहीं, डांडिया कार्यक्रम में महिला, पुरुषों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। भक्ति गीतों और डांडिया की धुन पर श्रद्धालु देर तक झूमते नजर आए। महोत्सव के दौरान पंडाल में मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। आकर्षक सजावट से सजे पंडाल में धार्मिक वातावरण बना रहा। शाम होते ही माता के दर्शन और महाआरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। नवरात्र के दूसरे दिन मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की गई। आचार्य गिर्राज शास्त्री बहरावंडा खुर्द वाले ने यजमानों को पूजा-अर्चना करवाई। मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने माता की आराधना की। दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रमों के कारण टोंक बस स्टैंड क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचकर दर्शन करते रहे। डांडिया में दिखा उत्साह, देर तक झूमे श्रद्धालु नवरात्र महोत्सव में धार्मिक आयोजनों के साथ डांडिया कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा। संगीत की मधुर धुनों पर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक अंदाज में डांडिया खेला। बच्चों, युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से डांडिया खेलकर नवरात्र की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने एक-दूसरे को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। डांडिया के दौरान पंडाल में उत्सव जैसा माहौल रहा और श्रद्धालु देर तक धार्मिक गीतों पर थिरकते रहे। नवरात्रा सेवा समिति के अध्यक्ष गिर्राज मित्तल, संरक्षक अनुपम गौतम और कोषाध्यक्ष नरेंद्र वाधवानी ने बताया कि महोत्सव में श्रद्धालुओं को धर्म और भक्ति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।