कोटा में नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक बाथरूम में लाइट के तार से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। बताया जा रहा है कि परिजनों ने उसे महज चार दिन पहले ही उपचार के लिए केंद्र में भर्ती करवाया था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7 बजे की है। मृतक की पहचान महेश कुमार (35) निवासी छावनी, रामचंद्रपुरा के रूप में हुई है। महेश पहले KEDL बिजली कंपनी में वाहन चालक था और लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा था। परिजनों ने उसे उपचार के लिए 3-4 दिन पहले ही केंद्र में भर्ती कराया था। बाथरूम का दरवाजा तोड़ा तो युवक अचेत हालत में मिला उद्योग नगर थाने के एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि कल शाम को थाने पर सुसाइड करने की सूचना मिली। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक बाथरूम में गया और काफी देर तक बाहर नहीं आया। संदेह होने पर स्टाफ ने दरवाजा तोड़ा, जहां वह अचेत अवस्था में मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची उद्योग नगर थाना पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने लापरवाही के आरोप लगाए हैं।