चित्तौड़गढ़ में एएनटीएफ टीम ने कार्रवाई करते हुए 38.200 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ट्रेवल्स की स्लीपर बस में सफर कर रहे थे और अपने बैग में डोडाचूरा भरकर ले जा रहे थे। बस स्लीपर कोच थी और दोनों आरोपी डबल स्लीपर सीट पर बैठे हुए थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। लेकिन एएनटीएफ को पहले ही इसकी पुख्ता सूचना मिल चुकी थी, जिसके आधार पर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल, टोल प्लाजा पर नाकाबंदी एएनटीएफ टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के नीमच से श्रीगंगानगर जा रही गायत्री ट्रेवल्स की बस में दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम हरकत में आई और आरोपियों को पकड़ने के लिए योजना बनाई गई। टीम जोजरों का खेड़ा टोल प्लाजा पहुंची और सादा कपड़ों में नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद चित्तौड़गढ़ की तरफ से संदिग्ध बस आती दिखाई दी, जिसे रुकवाया गया। कार्रवाई को कानूनी तरीके से पूरा करने के लिए स्थानीय पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। तलाशी में तीन बैग से निकला डोडाचूरा बस रुकवाने के बाद एएनटीएफ टीम और गंगरार पुलिस ने मिलकर पूरी बस की तलाशी ली। इस दौरान दो संदिग्ध यात्रियों के पास तीन बैग मिले, जिन पर टीम को शक हुआ। जब इन बैगों को खोलकर देखा गया तो उनमें डोडाचूरा भरा हुआ मिला। आरोपी इस मादक पदार्थ को आम सामान की तरह बैग में भरकर ले जा रहे थे, ताकि किसी को भनक न लगे। बरामद किए गए डोडाचूरा का कुल वजन 38.200 किलोग्राम निकला, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। हनुमानगढ़ के रहने वाले हैं दोनों आरोपी पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान अशोक सिंह (24) पुत्र बलजीत सिंह और सोहन उर्फ सोनू (26) पुत्र बगसिंह के रूप में हुई है। दोनों आरोपी हनुमानगढ़ जिले के टीब्बी थाना क्षेत्र के सुर्यवाला गांव के निवासी हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी इस डोडाचूरा को एक जगह से दूसरी जगह सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि ये डोडाचूरा वे नीमच से लाए थे। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।