नीट (NEET) में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में डीडवाना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक चेतन डूडी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला भी फूंका गया। यह प्रदर्शन चेतन डूडी के आवास से शुरू हुआ, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और युवा एकत्रित हुए। इसके बाद रैली शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए जिला कलेक्टर आवास तक पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने “युवाओं के साथ न्याय करो” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए। कलेक्टर आवास के बाहर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासनकाल में प्रतियोगी परीक्षाएं सुरक्षित नहीं रह गई हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना व्यवस्था की बड़ी विफलता है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि इससे लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है और लगातार सामने आ रही घटनाओं से युवाओं का सरकार पर से भरोसा टूट रहा है। प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और युवाओं को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।