NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर देश के विभिन्न राज्यों में गुरुवार को भी विरोध प्रदर्शन हो रहा है। बिहार के कटिहार में DM ऑफिस के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ है। छात्र अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो ईंट-पत्थर चलाए गए। वहीं हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस की कांग्रेसियों से झड़प हो गई। छत्तीसगढ़, झारखंड और राजस्थान में भी प्रदर्शन हुए। बिहार: पटना कॉलेज के पास छात्र सड़कों पर उतरे बेगूसराय में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया है। छात्र गेट पर चढ़ गए हैं। पुलिस सभी से पीछे हटने की अपील करती रही। पटना कॉलेज के पास छात्र फिर सड़कों पर उतरे। अशोक राजपथ पर जाम लगा दिया है। थोड़ी देर बाद पुलिस ने छात्रों को डिटेन किया। उन्हें बस में भरकर ले जाया जा रहा है। इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्र ने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे, हम लोग पीछे हटने वाले नहीं हैं। पढ़ें पूरी खबर… राजस्थान: बांसवाड़ा में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर बरसाई लाठियां:पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन राजस्थान के बांसवाड़ा में नीट पेपर लीक के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के कार्यकर्ताओं ने बांसवाड़ा में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पहले कुशलबाग में एकत्रित हुए और वहां से रैली निकालकर दोपहर करीब 12:45 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर झड़प हुई और हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। पढ़ें पूरी खबर… छत्तीसगढ़: रायपुर में राजीव भवन घेराव के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव-बोतलें फेंकीं, सिर फूटे, 16 पुलिसकर्मी घायल रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल के बाद पुलिस ने कांग्रेस के 12 नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। साथ ही कांच की बोतलें, लकड़ी और जूते भी फेंके। जिससे 16 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घायल हो गए। खम्हारडीह थाना प्रभारी की शिकायत पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पढ़ें पूरी खबर… हरियाणा: गुरुग्राम में पुलिस से भिड़े कांग्रेसी ; कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में क्लास छोड़ सड़क पर उतरे स्टूडेंट्स हरियाणा के गुरुग्राम में लघु सचिवालय में ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गेट पर ही रोक लिया। इसे लेकर पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इसे लेकर कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके कांग्रेसी वहां लगाई बैरिकेड हटाकर डीसी दफ्तर पहुंच गए। उधर, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स क्लास छोड़कर रोष मार्च निकला रहे हैं। इसे देखते हुए यूनिवर्सिटी का सेकेंड गेट बंद कर सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। पढ़ें पूरी खबर… झारखंड: कांग्रेस का बीजेपी ऑफिस घेराव,भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी संभाला मोर्चा, एक-दूसरे पर पत्थर और टमाटर भी फेंके गए नीट और जेपीएससी में कथित गड़बड़ियों को लेकर रांची में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। कल भाजपा ने कांग्रेस ऑफिस का घेराव किया तो गुरुवार आज कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने पहुंच गई। इसे देखते हुए हरमू रोड स्थित भाजपा कार्यालय के पास बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा संभाल लिया। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से नारेबाजी हुई। पत्थर, टमाटर, अंडे और पानी की बोतलें फेंकी गईं। इस दौरान एक पत्रकार को चोट लग गई। पढ़ें पूरी खबर… ---------------------------------- ये खबर भी पढ़ें: राहुल बोले- पीएम एजुकेशन सिस्टम की बर्बादी के जिम्मेदार:छात्रों की 3 मांगें- प्रधान को हटाएं, स्टूडेंट्स से हिंसा करने वालों के खिलाफ एक्शन लें देश भर में NEET सहित प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक के मामलों को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच PM नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया किस पेपर लीक मामलों के दोषियों को सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे। इस पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसे 'शिक्षा तंत्र की तबाही' छिपाने की कोशिश करार दिया। पढ़ें पूरी खबर…