भीलवाड़ा | राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड ने नीट-पीजी 2026 परीक्षा की सूचना जारी कर दी है। इस बार परीक्षा 30 अगस्त को एक ही शिफ्ट में ऑनलाइन होगी, जबकि 30 सितंबर तक परिणाम जारी करने का लक्ष्य है। सबसे बड़ा बदलाव परीक्षा केंद्र आवंटन प्रक्रिया में किया है। अब परीक्षा केंद्र पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर नहीं मिलेंगे। उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान अपनी पसंद के तीन परीक्षा शहर चुनने होंगे। बोर्ड उपलब्ध सीटों और अन्य मानकों के आधार पर परीक्षा केंद्र आवंटित करेगा। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 3,500 रुपए, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 2,500 रुपए रखा गया है। अपलोड की जाने वाली फोटो तीन महीने से अधिक पुरानी, धुंधली या एडिटेड नहीं होनी चाहिए। नीट-पीजी में अभ्यर्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2020 में 1.67 लाख अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे, जो 2025 में बढ़कर 2.42 लाख से अधिक हो गए। • आवेदन : 1 जुलाई से 21 जुलाई (रात 11:55 बजे तक) • एडिट विंडो : 25 से 28 जुलाई • परीक्षा शहर की सूचना : 11 अगस्त • प्रवेश पत्र : 27 अगस्त • परीक्षा : 30 अगस्त • परिणाम : 30 सितंबर तक • इंटर्नशिप पूरी करने की अंतिम तिथि : 30 सितंबर