राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी की ओर से आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा का आयोजन आज कोटपूतली-बहरोड़ जिले में किया जा रहा है। जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6168 अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके तहत 514 पर्यवेक्षक, 21 ऑब्जर्वर और 19 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सहायक स्टाफ की भी पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जिला कलेक्टर ने पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को भीड़भाड़ की संभावना वाले स्थानों का चिह्नांकन कर समय रहते भीड़ प्रबंधन करने के निर्देश दिए हैं।