कोटपूतली में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 का आयोजन 3 मई, रविवार को किया जाएगा। यह परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जा रही है। एग्जाम सिटी कोऑर्डिनेटर संजू जोशी ने बताया कि जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 6168 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। 514 पर्यवेक्षक, 21 ऑब्जर्वर और 19 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त परीक्षा के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसमें 514 पर्यवेक्षक, 21 ऑब्जर्वर और 19 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सहायक स्टाफ की भी पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए समुचित पुलिस बल, सघन निगरानी और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। एडवाइजरी और रूट चार्ट जारी प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एडवाइजरी और रूट चार्ट (क्यूआर कोड) जारी किए हैं। पुलिस ने ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए विशेष व्यवस्था की है, ताकि अभ्यर्थियों को परेशानी न हो। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी अनियमितता या अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए कड़ी चौकसी बरती जा रही है। कलेक्टर ने पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश भी दिए। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले संभावित स्थानों की पहचान कर समय रहते क्राउड मैनेजमेंट करने के निर्देश दिए हैं।