भास्कर संवाददाता|टोंक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से आयोजित होने वाली नीट परीक्षा 3 मई को होगी। परीक्षा को लेकर एनटीए ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एजेंसी ने परीक्षार्थियों को विशेष चेतावनी दी है कि वे परीक्षा केंद्रों की लोकेशन के लिए केवल गूगल मैप पर निर्भर न रहें। तकनीकी त्रुटियों के कारण कुछ केंद्रों की लोकेशन मैप पर अस्पष्ट हो सकती है। इसलिए छात्र एडमिट कार्ड पर दिए गए पते की भौतिक पुष्टि पहले ही कर लें। ताकि परीक्षा के दिन देरी न हो। परीक्षा समन्वयक एवं एडीएम रामरतन सौकरिया ने बताया कि परीक्षा को लेकर जिला मुख्यालय पर 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 3240 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दोपहर 2 से 5 बजे तक होने वाली परीक्षा को लेकर बनाए गए परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि परीक्षार्थियों एवं ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों को इससे छूट दी गई है। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरणों के उपयोग पर रोक रहेगी। परीक्षा हॉल में अनुशासन बनाए रखने के लिए बायो-ब्रेक के नियम कड़े किए गए हैं। नीट यूजी-2026 के नियमों के तहत परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले और समाप्त होने से आधे घंटे पहले वॉशरूम जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। छात्र इस समय-अंतराल के अनुसार खुद को तैयार रखें। 3 घंटे 20 मिनट की इस परीक्षा में निरंतर एकाग्रता जरूरी है। यदि शुरुआती कुछ प्रश्न कठिन लगें, तो आत्मविश्वास न खोएं। अगले प्रश्नों पर ध्यान केंद्रित करें। निगेटिव मार्किंग से बचने के लिए उत्तरों में स्पष्टता रखें।