डूंगरपुर जिले के ग्राम नेजपुर में दो दिवसीय श्री सोमनाथ महादेव एवं हनुमान जी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। रविवार सुबह विधि-विधान, पूजन और हवन के बाद दोनों मंदिरों में जयकारों के बीच मूर्तियों की स्थापना की गई। कार्यक्रम में कानून एवं कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, पचपदरा विधायक डॉ. अरुण अमराराम चौधरी और मावली विधायक पुष्कर डांगी सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई मूर्ति स्थापना महोत्सव के दूसरे दिन सुबह से धार्मिक अनुष्ठानों का दौर शुरू हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन और हवन के बाद भगवान श्री सोमनाथ महादेव एवं हनुमान जी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। मंदिर परिसर जयकारों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। मुख्य शिखर की स्थापना कुवैत कमेटी नेजपुर द्वारा कराई गई। वहीं विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के लिए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक बोलियां लगाईं। मुख्य कुंड के यजमान कमलेश रूपलाल पाटीदार रहे। समाज की एकता और विकास पर बोले मंत्री जोगाराम पटेल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कानून एवं कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने समाज की एकता और विकास को सबसे बड़ी जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि वे पटेल समाज के बेटे हैं और समाज के लोग जो भी जिम्मेदारी देंगे, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन समाज के मंच पर हम सभी एक हैं। समाज के उत्थान से जुड़े कार्यों को वे पूरी मजबूती से करवाएंगे। किसानों को न्याय दिलाने का संकल्प मंत्री पटेल ने नेजपुर क्षेत्र के किसानों की समस्याओं का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को न्याय दिलाने के लिए वे पूरी तरह संकल्पित हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाई जाएगी।
युवाओं को आगे बढ़ाने का आह्वान पचपदरा विधायक डॉ. अरुण अमराराम चौधरी ने कहा कि अब समय आ गया है कि युवाओं को आगे बढ़ाकर समाज को नई दिशा दी जाए। उन्होंने राजस्थान के कोने-कोने में बसे पटेल, पाटीदार, डांगी, आंजणा और कलबी समाज को एकजुट होने का आह्वान किया। समाज की मांगों के लिए हर स्तर पर लड़ेंगे मावली विधायक पुष्कर डांगी ने कहा कि समाज के मंच पर एकता को लेकर गंभीर चिंतन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज की मांगों और अधिकारों के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष करने और जीत हासिल करने के लिए तैयार हैं। शिक्षा को बताया आने वाले समय की ताकत कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाला समय शिक्षा का है। समाज को अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों को शिक्षित करना चाहिए। उन्होंने बेटियों को मां पार्वती का स्वरूप बताते हुए कहा कि उनका शिक्षित होना समाज के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने कहा कि नेजपुर में आयोजित यह सभा नए सूर्योदय की तरह है, जिससे कृषि और सामाजिक एकता के क्षेत्र में नई पहल होगी। क्षेत्रीय विकास की उठी मांग कार्यक्रम के दौरान कवि सुनील पटेल ने मंत्री पटेल का आभार व्यक्त किया। वहीं महेश पाटीदार ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को रखते हुए विकास कार्यों की सौगात देने की मांग की। प्रदेश की खुशहाली की कामना के साथ समापन दो दिवसीय इस महोत्सव में डूंगरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन, विभिन्न चौखलाओं के अध्यक्ष और प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ हुआ।