भीलवाड़ा | भीलवाड़ा में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सुशीला सालवी ने संगठन विस्तार के तहत नई ब्लॉक कार्यकारिणी की घोषणा की। जारी सूची में जिले के 9 ब्लॉकों के लिए ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। पार्टी का मानना है कि इन नियुक्तियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और महिला कांग्रेस की गतिविधियां अधिक सक्रिय होंगी। आसींद से भामीनी राठौड़, कोटड़ी से खुशबू गुर्जर, सहाड़ा से ज्योति उपाध्याय, रायपुर से राजनंदी व्यास, हुरड़ा से लक्ष्मी देवी खटीक, शाहपुरा से अनीता पारिख, बनेड़ा से दुर्गा कंवर, मांडलगढ़ से धन्ना देवी योगी तथा सुवाणा से रेखा बलाई को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है। सुशीला सालवी ने कहा कि नई टीम से संगठनात्मक कामकाज को गति मिलेगी और क्षेत्रवार समन्वय बेहतर होगा। उन्होंने नव-नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे सक्रियता से कार्य करेंगे और पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे।