नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम समेत देश के 3 प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों को लेकर बड़ा आदेश जारी किया है। NGT ने पर्यावरणीय नियमों के पालन में कथित लापरवाही को गंभीर मानते हुए इन स्टेडियमों में सभी खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। जिन 3 क्रिकेट स्टेडियमों में सभी खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगाई गई है, उनमें SMS स्टेडियम के अलावा रायपुर (छत्तीसगढ़) के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम भी शामिल है। एनजीटी ने स्पष्ट किया है कि अगली सुनवाई (17 अगस्त) तक या फिर ट्रिब्यूनल से विशेष अनुमति मिलने तक इन तीनों स्टेडियमों में किसी भी प्रकार का क्रिकेट मैच या अन्य खेल आयोजन नहीं किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। ट्रिब्यूनल ने अपने आदेश में कहा- संबंधित स्टेडियमों को पूर्व में भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इन नोटिसों के जरिए पहले दिए गए पर्यावरणीय निर्देशों के अनुपालन की जानकारी और जवाब मांगा गया था, लेकिन बार-बार अवसर दिए जाने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं किया गया। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आदेशों की पालना जरूरी दरअसल, एनजीटी ने पहले इन स्टेडियमों को भूजल का इस्तेमाल कम करने, मैदानों के रख-रखाव और सिंचाई के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से निकलने वाले ट्रीटेड पानी का इस्तेमाल करने और वर्षा जल संरक्षण (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) की प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए थे। ट्रिब्यूनल बड़े खेल परिसरों में जल संरक्षण को बढ़ावा देना और भूजल पर निर्भरता कम करना चाहता था। एनजीटी ने माना कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े उसके आदेशों का पालन सुनिश्चित करना सभी संस्थाओं की जिम्मेदारी है। ऐसे में अगर किसी संस्था की ओर से निर्देशों का पालन नहीं किया जाता या अनुपालन रिपोर्ट समय पर दाखिल नहीं की जाती है तो ट्रिब्यूनल आवश्यक अंतरिम आदेश पारित कर सकता है। मामले में अगली सुनवाई 17 अगस्त को अब इस मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को निर्धारित की गई है। इस दौरान संबंधित स्टेडियम प्रबंधन को ट्रिब्यूनल के सामने अपने पक्ष के साथ यह भी बताना होगा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े निर्देशों का पालन किस स्तर तक किया गया है। इसके बाद ही आगे खेल गतिविधियों पर लगी रोक को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।