भास्कर न्यूज | बाड़मेर सरहदी ग्राम पंचायत बाखासर में गुरुवार को रात्रि चौपाल का आयोजन कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने की अध्यक्षता में हुआ। आमजन की परिवेदनाएं सुनीं। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। ग्रामीणों को राहत मिली। कलेक्टर ने बाखासर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पेयजल, बिजली, राजस्व, सड़क, सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं सुनी। बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। प्राप्त परिवेदनाओं में से कई का तुरंत निस्तारण किया गया। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों से संवेदनशीलता व जवाबदेही के साथ काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इससे पहले कलेक्टर ने साता में आयोजित जन सुनवाई में भी लोगों की परिवेदनाएं सुनी। हर प्रकरण को गंभीरता से सुना। संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण कराने को कहा।