मौसम विभाग के यलो अलर्ट का असर मंगलवार को टोंक जिले के कई क्षेत्रों में देखने को मिला। सुबह से ही टोंक शहर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर चला। जिससे लोगों को उमस व गर्मी से कुछ राहत मिली। लेकिन दोपहर बाद फिर उमस तेज हो गई, जो देर शाम तक बनी रही। हालांकि अधिकांश स्थानों पर बारिश का दौर अधिक देर तक नहीं चला, लेकिन बादलों की आवाजाही पूरे दिन बनी रही। वहीं, जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष की निष्क्रियता के कारण इस बार जिले में हुई वास्तविक वर्षा का समुचित रिकॉर्ड तैयार नहीं हो पा रहा है। जल संसाधन विभाग राजस्थान एवं जिले के आंकड़े समान नहीं आ रहे हैं। सूचना समय पर भी अपडेट नहीं हो पा रही है। बहरहाल कई क्षेत्रों में बारिश होने के बावजूद विभागीय आंकड़ों में इसका पूरा विवरण दर्ज नहीं हो सका। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार मंगलवार सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक केवल निवाई क्षेत्र में 4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि टोंक शहर सहित अन्य स्थानों पर भी सुबह हल्की बारिश हुई। आगे कैसा रहेगा मौसम : मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से मिल रही नमी के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। इसके चलते जिले में आगामी तीन-चार दिनों तक बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं तेज हवाएं भी चल सकती हैं। अब तक हुई बारिश : जिले में अब तक सामान्य औसतन बारिश 654.94 एमएम के मुकाबले 14.94 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है। जिले में 15 जून से अब तक 97.83 एमएम बारिश हुई है। जून में 25 एमएम के करीब बारिश दर्ज हुई थी। इस बार जुलाई में भी मानसून की सुस्ती ही बनी नजर आ रही है।