हनुमानगढ़ जिले के नोहर में 17 वर्षीय किशोर आयुष की हत्या का मामला सामने आया है। दो दिन से लापता आयुष का शव बुधवार रात खुईया फांटे के पास नहर में मिला। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। फोन आने पर घर से निकला था मृतक के दादा शीशपाल मेघवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका पौत्र आयुष 29 जून को दोपहर करीब 12 बजे गांव के कुलदीप पुत्र जगदीश मेघवाल के फोन आने पर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने कुलदीप और सोनू पुत्र कृष्ण मेघवाल पर आयुष की हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। परिजनों ने अपनी रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया कि 29 जून को गांव की एक लड़की को लेकर आयुष का कुलदीप और सोनू के साथ विवाद हुआ था। उनका मानना है कि इसी विवाद के चलते दोनों ने आयुष की हत्या की। मामला पैसे से लेनदेन से जुड़ा थाना प्रभारी अजय कुमार गिरधर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पैसे के लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, आयुष ने कुलदीप और सोनू से करीब दस हजार रुपये उधार लिए थे। जानकारी मिली है कि कुलदीप और सोनू ने लोन लेकर आयुष को ये पैसे दिए थे, लेकिन आयुष उन्हें लौटा नहीं रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया इस मामले में लड़की का कोई मामला नजर नहीं आ रहा है। जांच में सामने आया है कि मृतक और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे। कुलदीप और सोनू आयुष को किसी बहाने से अपने साथ ले गए, जहां तीनों ने बैठकर शराब पी। आरोप है कि दोनों ने आयुष को अत्यधिक शराब पिलाई और जब वह नशे में ज्यादा हो गया, तो उसे नहर में धकेल दिया। आयुष ने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की थी और वह आगे की पढ़ाई सीकर में करना चाहता था। वह अपने घर का इकलौता चिराग था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।