हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों की पहचान आगरा निवासी आकाश निगम और शिवा सिंह उर्फ शिवा गुर्जर के तौर पर हुई है। इस मामले में पहले ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। गौरतलब है कि 28 मार्च को इंदिरा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने नोहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, जब वह अपने घर के बाहर बैठा था, तभी 2 युवक उसके पास आए और उससे एक व्यक्ति की हत्या करने को कहा। मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। 3 बदमाश पहले पकड़े जा चुके पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी एक सक्रिय गिरोह का हिस्सा हैं, जो लोगों को धमकाकर फिरौती वसूलता है। पुलिस ने पहले मोनू, संदीप और अनिल उर्फ चोटिया नामक 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी फरार चल रहा था। नोहर पुलिस ने अब मुख्य आरोपी आकाश निगम और उसके साथी शिवा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।