गुलपाड़ा के ट्रोमा सेंटर में घटिया निर्माण की जांच विभाग के निर्माण शाखा के एक्सईएन करेंगे। वहीं ठेकेदार को नोटिस दिया गया है। मंगलवार को भरतपुर डीग भास्कर में गुलपाड़ा का ट्रोमा सेंटर खुद कोमा में, छह माह में ही दीवारों में दरार, टाइल्स टूंटी शीर्षक से खबर प्रकाशित कर भ्रष्टाचार और लापरवाही को उजागर किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद सीएमएचओ डॉ विजय सिंघल ने मामले की जानकारी ली और विभाग के एक्सईएन लोकेंद्र अग्रवाल को भवन की जांच के निर्देश दिए। सीएमएचओ ने बताया कि इस मामले में ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि भवन की तीन साल की ठेकेदार की गारंटी है इसलिए तीन साल तक भवन में कोई भी समस्या आती है तो उसे वही ठीक करवाएगा। उधर इस मामले में सांसद संजना जाटव ने भी अपने फेसबुक अकाउंट पर खबर को मुख्यमंत्री कार्यालय को टैग कर निर्माण पर सवाल उठाए।