कई सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मेडिकल एंट्रेस एग्जाम नीट के पेपर वायरल हो रहे हैं, इसमें जालसाजों की ओर से बताया जा रहा है कि नीट के पेपर उनके पास हैं या इस तरह के वे दावे कर रहे हैं कि यही प्रश्न नीट में आएंगे। इसे लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी-एनटीए की ओर से स्टूडेंटस को सलाह दी गई है कि टेलीग्राम तथा अन्य प्लेटफार्म पर जारी किए जा रहे नीट-यूजी के जाली प्रश्नपत्रों से सावधान रहें। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि एनटीए-नई दिल्ली ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर जारी की गई सूचना में बताया है कि जालसाज-टेलीग्राम चैनल पर परीक्षा से पहले ही नीट-यूजी 2026 के प्रश्नपत्रों को प्राप्त करने की झूठी खबर फैला कर विद्यार्थियों को झांसा देने की कोशिश कर रहे हैं। यह सूचनाएं निराधार हैं। देव शर्मा ने बताया कि एनटीए-नई दिल्ली की ओर से इस तरह के कई जाली टेलीग्राम चैनल ब्लॉक कर दिए गए हैं तथा उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है। फ्रिक्वेंटली आस्क्ड क्वेश्चंस-FAQ भी की गई जारी देव शर्मा ने बताया कि एनटीए-नई दिल्ली द्वारा ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर फ्रिक्वेंटली आस्क्ड क्वेश्चंस-FAQ भी जारी किए गए हैं जो कि इस प्रकार है- प्रश्न-1 : क्या वैलिड आईडी प्रूफ के बिना परीक्षा केंद्र में एंट्री संभव है उत्तर : नहीं प्रश्न-2 : OMR-शीट भरने में क्या सावधानियां बरती जानी चाहिएं उत्तर : ओएमआर-शीट दिए गए पेन से भरें तथा शीट भरते समय ओवरराइटिंग नहीं करें एवं करेक्शन फ्लूइड का उपयोग भी नहीं करें प्रश्न-3 : परीक्षा का ड्रेस कोड क्या है उत्तर : हल्के रंग के साधारण वस्त्र पहने। पूरी बाहों की शर्ट/कुर्ता इत्यादि नहीं पहने, अनावश्यक एसेसरीज भी नहीं पहने। प्रश्न-4 : क्या घड़ी पहनने की अनुमति है उत्तर : नहीं, किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट का उपयोग नहीं कर सकते हैं।