हनुमानगढ़ जिले में संगरिया कस्बे की नुकेरा ग्राम पंचायत के वार्ड 10, 11 और 12 में पाइपलाइन लीकेज से ग्रामीण परेशान हैं। मरम्मत नहीं होने से पानी बर्बाद हो रहा है, गलियों में गंदा पानी जमा है, जिससे आने-जाने में दिक्कत है। कई शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं मिला। वार्ड पंच रामकुमार चौहान ने बताया तीनों वार्डों में पाइपलाइन खराब है, पानी लगातार बह रहा है। ठेके पर होने के बावजूद विभाग मरम्मत पर ध्यान नहीं दे रहा। लीकेज ठीक होने से पानी की बर्बादी रुकेगी, लोगों को राहत मिलेगी। चुनावी माहौल में इन वार्डों की बुनियादी सुविधाएं चर्चा में हैं। ग्रामीणों का कहना है, चुनाव में विकास के दावे होते हैं, पर जमीन पर स्थिति अलग है। दोनों दलों के जनप्रतिनिधि रहने पर भी समस्या हल नहीं हुई। रवि झोरड़, राकेश, सोनू वर्मा, दिलीप और पवन मिस्त्री समेत ग्रामीणों ने विभाग से जल्द मरम्मत की मांग की है। वे सिर्फ आश्वासन नहीं, मौके पर समाधान चाहते हैं। लोगों की मांग है कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर पाइपलाइन लीकेज ठीक करवाए जाएं, ताकि पानी की बर्बादी रुके और वार्डवासियों को राहत मिल सके।