भरतपुर। राजमेस के अधीन संचालित चिकित्सा एवं नर्सिंग महाविद्यालयों में नर्सिंग संवर्ग के 746 नियमित पद समाप्त किए जाने के विरोध में बुधवार को नर्सेज ने काली पट्टी बांधकर आरबीएम व जनाना चिकित्सालय में विरोध प्रदर्शन किया। जिला संयोजक सत्यवीर सोगरवाल और अशोक चाहर के नेतृत्व में नर्सिंग कर्मियों ने एसजेपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विवेक भारद्वाज और आरबीएम अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नगेंद्र सिंह भदौरिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राजमेस के निर्णय से नर्सिंग कार्मिकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया गया। जिला संयोजक सत्यवीर सोगरवाल ने बताया कि राजमेस द्वारा 746 नियमित नर्सिंग पदों को समाप्त कर संविदा के माध्यम से भर्ती की तैयारी की जा रही है, जिसका विरोध किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसजेपी मेडिकल कॉलेज भरतपुर में ही नर्सिंग ऑफिसर के 91 पद समाप्त किए गए हैं। नर्सेज की मांग है कि समाप्त किए गए पदों को पुनः सृजित कर कार्मिकों को यथास्थान पदस्थापित रखा जाए।