उदयपुर के गोगुंदा थाना क्षेत्र के ओबरा कला गांव में कुत्ते के हमले से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। दो दिन (4-5 मई) करीब 6 जनों को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया, जिसमें 5 स्कूली बच्चे और एक महिला शामिल हैं। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर 25 से 30 लोगों की टीम बनाकर कुत्ते को पकड़ने की कोशिश की लेकिन कुत्ता पकड़ में नहीं आया और भाग गया। ग्रामीणों ने लगातार बढ़ रहे हमलों को लेकर प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिले। स्कूल के बच्चों समेत बकरी पर किया हमला कुत्ते ने गांव की महिला मीना बाई के हाथ पर काट लिया। वहीं, स्कूल से आते वक्त स्कूली बच्चों प्रशांत, ममता और पुष्पेन्द्र सिंह को भी काट लिया। इनके हाथ और पैर पर काटा है। इतना ही नहीं, कुत्ते ने डालचंद लोहार की बकरी को भी काटकर घायल कर दिया। इसके अलावा एक अन्य स्कूली छात्र पर भी कुत्ते ने हमले की कोशिश की लेकिन बच्चे ने अपने स्कूल बैग से खुद का बचाव कर लिया। इस दौरान उसका बैग पूरी तरह फट गया। इसके अलावा गोगुंदा बस स्टैंड स्थित स्कूल के बाहर भी नैतिक प्रजापत नाम के लड़के को हाथ पर काटा। लोगों ने उसे बचाते हुए तुरंत गोगुंदा हॉस्पिटल पहुंचाया। ग्रामीणों में अब बच्चों के स्कूल अकेले भेजने की चिंता बढ़ गई है। इनपुट: गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा