जयपुर में सीएम आवास पर ओड समाज का एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान खैरथल-तिजारा जिले सहित प्रदेभर में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया और समाज की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। साफा और माला पहनाकर किया सम्मानित ओड महासभा राजस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में खैरथल-तिजारा जिले से समाज के सदस्यों ने अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। प्रदेशाध्यक्ष प्रेम ओड (रामदेवरा) के नेतृत्व में मुख्यमंत्री का पारंपरिक रूप से साफा और माला पहनाकर स्वागत किया गया। समाज के मुद्दों को उठाया संवाद के दौरान खैरथल-तिजारा सहित विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने समाज से जुड़े प्रमुख मुद्दों को उठाया। इनमें प्रत्येक जिले में ओड समाज के लिए छात्रावास निर्माण, राजनीति में समाज की भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक ढांचे को मजबूत करने के प्रस्ताव शामिल थे। छात्रावास और भूमि आवंटन की मांग मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने समाज के प्रतिनिधियों के साथ लंबे समय तक चर्चा की और सभी मांगों को सुना। उन्होंने जयपुर में ओड समाज के छात्रावास के लिए भूमि आवंटन तथा रामदेवरा में मंदिर क्षेत्र के पास धर्मशाला निर्माण हेतु जमीन देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ओड समाज बोर्ड के गठन सहित अन्य मांगों पर भी शीघ्र सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया। सक्रिय भूमिका निभाई इस कार्यक्रम में खैरथल-तिजारा से ओड महासभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शंकर मांगल, सरपंच दिनेश खाम्बरा, प्रदेश संरक्षक रणजीत मजोका, प्रदेश प्रवक्ता रमेश मजोका और अध्यक्ष गोपाल खाम्बरा सहित कई प्रतिनिधियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ये रहे उपस्थित अलवर, भरतपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, उदयपुर, बीकानेर, जैसलमेर, कोटा, झालावाड़, गंगानगर, हनुमानगढ़, बाड़मेर, बूंदी, जालोर और अनूपगढ़ सहित प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में ओड समाज के लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।