भास्कर न्यूज| बारां विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर बुधवार को अटरू के राजकीय कन्या महाविद्यालय में स्वीप कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं, विशेषकर छात्राओं की भूमिका पर जोर देते हुए निष्पक्ष मतदान का संकल्प दिलाया गया। साथ ही युवाओं को मतदाता सूची में ऑनलाइन पंजीयन और निर्वाचन आयोग के डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी भी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा तथा स्वीप के नोडल अधिकारी एवं सीईओ राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने कहा कि युवा छात्राएं लोकतंत्र का भविष्य हैं। वे शिक्षा, डिजिटल जागरूकता और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक सशक्त और समावेशी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस दौरान रोजगारोन्मुख तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल की भी जानकारी दी गई।कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा वर्ष में चार आधार तिथियों 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर के आधार पर मतदाता सूची में अपना पंजीयन करा सकते हैं। उन्हें ईसीआई नेट ऐप, वोटर हेल्पलाइन एप और मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से घर बैठे फॉर्म-6 भरकर नाम जोड़ने, फॉर्म-6बी से आधार लिंक करने तथा फॉर्म-8 के जरिए वोटर आईडी में संशोधन की ऑनलाइन प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही ईपिक नंबर, क्यूआर कोड या मोबाइल नंबर से मतदाता सूची में नाम और मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करने का तरीका भी बताया गया। कार्यक्रम में ईएलसी प्रभारी डॉ. अशोक धाभाई, डॉ. विजय लक्ष्मी नागर, प्रियंका नागर, बद्रीलाल मीणा, राजेश भील, रामचरण मीणा सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं छात्राएं मौजूद रहीं।