भास्कर न्यूज | नागौर तीन साल के इंतजार के बाद शिक्षा विभाग ने व्याख्याताओं की डीपीसी सूची तो जारी कर दी, लेकिन इसके साथ ही एक विभाग की पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए। कार्यालय माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से हिंदी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, राजस्थानी, उर्दू सहित कई विषयों की डीपीसी सूची जारी की गई है। 2023-24, 2024-25 और 2025-26 की लंबित डीपीसी के तहत शिक्षकों को व्याख्याता पद पर पदोन्नत कर 16 मई तक जॉइनिंग के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन नागौर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक बालकिशन भाटी के लिए यह पदोन्नति खुशी के साथ उलझन भी लेकर आई। विभाग ने उन्हें एक नहीं, दो नहीं बल्कि चार अलग-अलग विषयों में चार जिलों में पोस्टिंग दे दी। डीपीसी सूची के मुताबिक भाटी को हिंदी विषय में अजमेर, राजनीति विज्ञान में जालोर, राजस्थानी भाषा में बालोतरा और इतिहास विषय में जोधपुर में पदस्थापन दिया गया है।