डीग जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन एंटीवायरस" के तहत जालूकी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 जुलाई को जालूकी थाना पुलिस की टीम ने सैमला कला के जंगल क्षेत्र में दबिश दी। यहां से पुलिस ने सैमला कला निवासी सलीम (21) और अरबाज (25) को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अन्य राज्यों से फर्जी मोबाइल फोन और सिम कार्ड लाते थे। इन्हें वे साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इन फर्जी सिम और मोबाइल का उपयोग कर ठग फर्जी बैंक खाते, फोनपे और पेटीएम जैसी डिजिटल भुगतान सेवाओं के माध्यम से ठगी की रकम का लेन-देन करते थे। आरोपी ठगी की राशि निकालकर साइबर अपराधियों तक पहुंचाने के बदले 20 प्रतिशत कमीशन लेते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी मनीराम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।