भास्कर संवाददाता | चूरू पुलिस ने जिले में ड्रग्स सप्लाई देने वाले व बेचने वालों पर शिकंजा कसने के लिए ऑपरेशन नकेल चलाया जा रहा है। इसके तहत चार दिन में 54 लाख रुपए के मादक पदार्थ जब्त कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अभियान के तहत पुलिस ने अब तक एनडीपीएस के आठ मामले दर्ज कर 52 लाख रुपए के वाहन भी जब्त किए हैं। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि जिले में ड्रग्स (चिट्टा, एमडी) का प्रभाव बढ़ रहा है, जिससे स्कूल-कॉलेज के स्टूडेंट्स नशे की चपेट में आ रहे हैं। नशे की लत के कारण शहर का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। नशा तस्करों व ड्रग माफियाओं के खिलाफ जिला स्तर पर ऑपरेशन नकेल अभियान शुरू किया गया। नेटवर्क को तोड़ने के लिए तस्कर से लेकर सप्लायर और सप्लायर से लेकर छोटे स्तर पर नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि अभी तक की गई कार्रवाई व सूचना के आधार पर जिले में ड्रग्स की सप्लाई पंजाब व श्रीगंगानगर से होना सामने आ रहा है। इन क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सीमा से ड्रग्स की तस्करी होती है, वहां से सीमावर्ती जिलों में सप्लाई होती है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। नशे को रोकने के लिए एजीटीएफ व डीएसटी के अलावा थाना स्तर पर भी टीमें बनाई जा रही हैं। अभियान के तहत चार दिन में एनडीपीएस के आठ मामले दर्ज कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 80 ग्राम हेरोइन, तीन किलो 270 ग्राम अफीम, दो किलो 133 ग्राम डोडा-पोस्त व नशे की 100 टेबलेट जब्त की गई। आरोपियों के पास से 52 लाख रुपए के वाहन, जिनमें 1 ट्रक, 1 कार व 1 बाइक भी जब्त की गई। शहर में अवैध ड्रग्स बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कोई भी व्यक्ति चूरू पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9950077191 पर सूचना दे सकता है।