भास्कर संवाददाता | डूंगरपुर राजस्थान विद्युत सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सीकर में हुई, जिसमें प्रदेशभर से प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना में समुचित सुविधाएं नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है। जिला महामंत्री मांगीलाल पंचाल ने कहा कि विद्युत पेंशनर्स को पीएमसीएच में उपचार सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इसे लेकर सरकार से उचित व्यवस्था करने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र सोमपुरा ने जोधपुर विद्युत वितरण निगम के निजीकरण प्रस्ताव पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे अन्य निगमों के निजीकरण का रास्ता भी खुल सकता है। बैठक में निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए वर्तमान कर्मचारियों के साथ मिलकर सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। साथ ही सभी पेंशनर्स के लिए स्मार्ट पहचान पत्र बनाने की मांग भी रखी। प्रदेश महामंत्री शिवचरण शर्मा ने सागवाड़ा में हुए जिला अधिवेशन में महिलाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया।