पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। इस अदालत में जिले के पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स एवं फैमिली पेंशनर्स बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी पेंशनर्स की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उनके प्रकरणों से संबंधित दस्तावेजों की मौके पर ही जांच की गई और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी निस्तारण के आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विभाग के सेवानिवृत्त कार्मिक हमारे परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। पुलिस उनके सहयोग, सम्मान और सुविधाओं के लिए सदैव तत्पर है। पेंशन अदालत में कई लंबित प्रकरणों का तुरंत समाधान होने से उपस्थित पेंशनर्स ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की सराहना की।