जोधपुर जिले के ओसियां कस्बे में पेयजल संकट पर लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं सहित लोगों ने जोधपुर-फलौदी स्टेट हाईवे पर गुरुवार को मटकी फोड़ प्रदर्शन किया। एक-दूसरे का हाथ पकड़कर सड़क पर खड़ी हो गईं, जिससे ट्रैफिक रुक गया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि कस्बे में घरों तक कम प्रेशर से पानी आ रहा है। पांच दिन में केवल एक बार ही जलापूर्ति की जा रही है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में दोगुने दाम देकर निजी पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। महिलाओं ने जलदाय विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा- मुख्य पाइपलाइन से किए गए अवैध कनेक्शनों की कई बार शिकायत के बावजूद विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कार्रवाई नहीं कर रहे। प्रदर्शनकारियों ने अवैध कनेक्शन हटाकर नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति की मांग की। वहीं, विभाग ने अवैध कनेक्शन पर कार्रवाई करते हुए कुछ कनेक्शन काटे हैं। आश्वासन के बाद खोला रास्ता हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता और जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रही महिलाओं से समझाइश का प्रयास किया। इसके बाद जलदाय विभाग के अधिकारियों ने अवैध कनेक्शन काटने और पेयजल लाइन को चेक करने का आश्वासन दिया। बाद में महिलाओं ने अधिकारियों को 7 दिन का समय देते हुए धरना समाप्त कर दिया। 9 अवैध कनेक्शन हटाए ओसियां में जलदाय विभाग के सहायक अभियंता सुशांत रंजन ने बताया- घाटी रोड क्षेत्र में पानी नहीं पहुंचने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने जांच कर कार्रवाई की। जांच में कई मकानों में अवैध बड़े और एक से अधिक पानी के कनेक्शन पाए गए, जिन्हें तत्काल काट दिया गया। कुल 9 अवैध कनेक्शन हटाए गए हैं, जिनमें 1 इंच के 4 और आधा इंच के 5 कनेक्शन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा अवैध जल कनेक्शन करता मिला तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से विभागीय नियमों का पालन करने और अवैध कनेक्शन नहीं लेने की अपील की गई। इनपुट सहयोग- सुनील ओझा, ओसियां