भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा वैशाख महीने के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर रविवार को भगवान विष्णु के छठवें अवतार परशुराम का प्राकट्योत्सव मनाया जाएगा। इस दिन सात शुभ संयोग बन रहे हैं। इसमें आयुष्मान योग, सौभाग्य योग,गजकेसरी योग, त्रि-पुष्कर योग, रवियोग, मालव्य राजयोग और सर्वार्थ सिद्धि योग शामिल है। इन योगों के बीच शहर व जिले में करीब 500 से अधिक शादियां होगी। विवाह समारोह के चलते शहर के बाजारों में खरीदी बढ़ गई। ज्वैलरी बाजार में खरीददार अधिक दिखे, जो सोना-चांदी की महंगाई के चलते लाइटवेट ज्वैलरी पसंद कर रहे हैं। रविवार को ही निंबार्क परमार्थिक सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में हरणी महादेव रोड स्थित ऋषि श्रृंग्य सेवा संस्थान में सकल हिंदू विवाह सम्मेलन होगा, जिसमें विभिन्न समाजों के 31 जोड़ों का विवाह होगा। नगर व्यास पंडित राजेंद्र कुमार ने पंचांग के अनुसार बताया कि रविवार सुबह 10.50 को तृतीया तिथि शुरू होगी और 20 अप्रैल को सुबह 7.28 बजे तक रहेगी। जब तिथि दोपहर यानी मध्यान्ह व्यापिनी हो तब अक्षय तृतीया मनाई जाती है। रविवार को दोपहर में तृतीया तिथि है, वहीं 20 को उदयकाल में 7.28 बजे तक हैं। अक्षय तृतीया को सनातन परंपरा में अबूझ मुहूर्त माना गया है। इस दिन पंचांग देखे बिना ही मांगलिक कार्य किए जाते हैं। ब्राह्मण समाज की ओर से भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना और आरती की जाएगी। अक्षय तृतीया को लेकर शहर के बजाय ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ज्वैलरी शोरूम और दुकानों पर रौनक बढ़ गई है। खासकर महिलाओं में गहनों की खरीदारी को लेकर उत्साह दिख रहा है। कई लोगों ने ज्वैलरी की एडवांस बुकिंग कराई हुई थी, जो भी लेने आ रहे हैं। ज्वैलर्स शो रूम संचालकों ने बताया कि इस बार लाइटवेट ज्वेलरी की डिमांड अधिक है, क्योंकि सोना-चांदी की बढ़ती कीमतों लेकर ग्राहक अधिक लाइटवेट वाले आभूषण पसंद कर रहे हैं। कई ग्राहक ऐसे आभूषण पसंद कर रहे हैं, जिन्हें रोजमर्रा के उपयोग के साथ-साथ छोटे-बड़े कार्यक्रमों में भी आसानी से पहना जा सके। यही वजह है कि हल्के वजन के बावजूद आकर्षक और रिच लुक वाले डिजाइन बाजार में छाए हुए हैं। इस बार ग्राहक 1.5 लाख से लेकर 15 लाख रुपए तक के गहनों की एडवांस बुकिंग कर रहे हैं। इस विवाह सीजन में महिलाएं अलग और खास दिखने के लिए ज्वेलरी के नए ट्रैंड अपना रही हैं। कोई पारंपरिक लुक के लिए रानी हार पसंद कर रही है तो किसी को मॉर्डन टच वाले दुबई-टर्की सेट भा रहे हैं। शादी की तैयारियों में जुटी युवतियों के बीच कुंदन पोल और एंटीक डिजाइन का खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। इन डिजाइन की खासियत यह है कि ये ट्रेडिशनल और मॉर्डन का बेहतरीन मेल पेश करते हैं, जिससे पहनने वाली की खूबसूरती और भी निखरकर सामने आती है।