भास्कर न्यूज | ब्यावर जल जीवन मिशन के तहत जवाजा ब्लॉक और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट कम करने के लिए जलदाय विभाग ने 10 उच्च जलाशयों (ओवरहेड टैंक) का निर्माण पूरा कर लिया है। विभाग के अनुसार अगस्त तक इन टंकियों से घरों में नियमित पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए टंकियों तक पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन और पंपिंग सेट का काम अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग ने बताया कि गांवों में घरों तक पाइपलाइन पहले ही बिछाई जा चुकी है। इन टंकियों की क्षमता 75 हजार से 1.5 लाख लीटर तक रखी गई है। जलदाय विभाग ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और आबादी को देखते हुए टंकियों का निर्माण कराया है। जिन गांवों में टैंक बनाए गए हैं, उनमें शोभापुरा, ब्यावर खास, रूपनगर, सरगांव, छापरों का बाडिया, रामसर मोहल्ला, रूपाहेली, गुर्जरगम्मा, नाहरपुरा और समापा शामिल हैं। विभाग का कहना है कि परियोजना शुरू होने के बाद इन गांवों की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा और गर्मी के मौसम में होने वाली पानी की किल्लत में कमी आएगी। जवाजा ब्लॉक में हर घर जल कनेक्शन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए काम जारी है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार ब्लॉक के 222 राजस्व गांवों में से 157 गांवों में घर-घर कनेक्शन का काम पूरा हो चुका है। इसी तरह 368 ढाणियों में से 253 ढाणियों तक कनेक्शन पहुंचाया जा चुका है। शेष क्षेत्रों में पाइपलाइन और संबंधित कार्यों को तेजी से पूरा करने की योजना है। इसका लक्ष्य ग्रामीणों तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंच सुनिश्चित करना है।