भास्कर न्यूज | बाड़मेर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान दौरे के दौरान पचपदरा में एचआरआरएल रिफाइनरी लोकार्पण, विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास, नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र देने के कार्यक्रम का शनिवार को बाड़मेर जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में लाइव प्रसारण होगा। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के उत्तरदायित्व तय किए। पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम राजकीय स्नातकोतर महाविद्यालय बाड़मेर में होगा। नगर सुधार न्यास के सचिव विवेक व्यास को नोडल अधिकारी बनाया गया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णसिंह को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। जिला, ब्लाक, ग्राम पंचायत मुख्यालय स्तर पर भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा। अधिक से अधिक जन भागीदारी के निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में कानून, सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक को दी गई। जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी एडीएम रवीन्द्र कुमार, उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर, तहसीलदार हुकमीचंद को सौंपी गई। नवनियुक्त कार्मिकों को कार्यक्रम स्थल पर बुलाने, संवाद के लिए प्रतिभागियों का चयन, कार्यक्रम स्थल की जरूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम, महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित, जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णसिंह, संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को दी गई। नवनियुक्त कार्मिकों से वर्चुअली संवाद, लाइव प्रसारण, लीज लाइन, प्रचार-प्रसार, आयोजन स्थल की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा के लिए भी संबंधित विभागीय अधिकारियों के उत्तरदायित्व तय किए गए। यूआईटी सचिव विवेक व्यास, नगर परिषद आयुक्त भगवतसिंह परमार ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान प्रवास के दौरान बालोतरा जिले के पचपदरा में रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे।