डीग जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन एंटीवायरस" के तहत पहाड़ी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 2 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया और 2 नाबालिगों को डिटेन भी किया है। प्रारंभिक जांच में इन आरोपियों द्वारा करीब 1 लाख रुपए की साइबर ठगी के साक्ष्य मिले हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 5 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। एसपी शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पहाड़ी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खंडेवला रोड स्थित गोल पहाड़ी की तलहटी में दबिश दी। दबिश के दौरान गंगोरा निवासी 26 वर्षीय सारूप और खल्लूका निवासी 35 वर्षीय जाहिद को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में इन दोनों वयस्कों और 2 नाबालिगों के पास से 4 मोबाइल फोन और 5 फर्जी सिम कार्ड मिले। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मिलकर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाते थे। वे महिलाओं के कपड़े सस्ते दामों में बेचने, होम डिलीवरी कराने और निवेश के नाम पर लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करते थे। जब्त मोबाइल फोन से साइबर ठगी से संबंधित डेटा भी बरामद हुआ है। पहाड़ी थाने में विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल उपलब्ध कराने वाले गिरोह की भी तलाश कर रही है।