राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुरिया में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभागीय अधिकारियों के सानिध्य में रोड सेफ्टी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं अपनी कला के माध्यम से यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। प्रतियोगिता का संचालन सुश्री पूजा सैनी व प्रधानाचार्य कनेश मीणा के दिशा-निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग एवं यातायात संकेतों के महत्व को सुंदर रंगों एवं चित्रों के जरिए शीट पर उकेरा। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य कनेश मीणा एवं सुश्री पूजा सैनी द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।