पाली शहर के रामदेव रोड एरिया के दुर्गा कॉलोनी-आशापुरा नगर से गुजरने वाला नगर निगम और रीको का नाला क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी बना हुआ है। तेज बरसात होने पर नाला ओवरफ्लो हो जाता है और उसका बरसाती पानी आशापुरा और दुर्गा कॉलोनी की गलियों में भर जाता है। करीब 3 फीट तक पानी सड़कों पर बहता है, जिसके कारण लोगों को परेशानी होती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मामले में नाले को साफ रखने की मांग की है। पूरे मोहल्ले में फैल जाता है नाले का पानी मोहल्ले के लालाराम शर्मा का कहना है- नाला कम गहरा है। इसके कारण बरसाती पानी नाले से ओवरफ्लो होकर मानसून के दौरान आस-पास की गलियों में इसका पानी फैल जाता है। स्थिति यह रहती है कि दो से तीन फीट तक पानी यहां भर जाता है। हमारी मांग है कि नाले को गहरा किया जाए और इसकी दीवार की ऊंचाई बढ़ाई जाए। सफाई नहीं होने के कारण बिगड़ रहे हालात मोहल्ले के ही मंसूर खान का कहना है- नाले की सफाई भी ढंग से नहीं होती। स्थिति यह है कि नाला कई जगह से ब्लॉक हो रखा है। कई लोगों ने अपने घरों का कचरा नाले में डालकर नाला ब्लॉक कर दिया है, जिसके कारण बरसाती पानी का फ्लो बंद हो जाता है और पानी सड़कों पर फैलता है। आशापुरा नगर के रतन उद्वेश का कहना है- चादर वाले बालाजी, रामदेव रोड क्षेत्र का पानी नाले के जरिए आशापुरा नगर होते हुए आगे जाकर विकास नगर से बांडी नदी में जाता है। लेकिन नालों की वर्तमान हालत ऐसी है कि गंदगी से अटे हुए है। मानसून में अच्छी बरसात हो जाए तो नालों से पानी ओवरफ्लो होकर मोहल्लों की गलियों में भर जाता है।