पाली जिले में पशु चोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है। जनसुनवाई के दौरान जवड़िया गांव निवासी विक्रम पटेल ने आईजी सत्येन्द्र सिंह के सामने अपनी पीड़ा रखते हुए बताया कि करीब चार महीने पहले उसकी 6 भैंसें चोरी हो गई थीं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 6 लाख रुपए है। थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। पीड़ित ने आईजी को दिए ज्ञापन में बताया कि वह शिव नगर, मंडिया रोड (पाली) का निवासी है और जवड़िया गांव के पास उसके फार्म हाउस पर पशुपालन का कार्य करता है। घटना के समय उसकी भैंसें खुले में चर रही थीं, तभी चोर उन्हें चोरी कर ले गए। उसने अपने स्तर पर भी काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। विक्रम ने गांव के ही एक युवक पर संदेह भी जताया है। रखवाली करने वाले दो जर्मन शेफर्ड डॉग भी चोरी विक्रम पटेल ने आईजी को बताया कि फार्म हाउस की सुरक्षा के लिए उसने दो जर्मन शेफर्ड डॉग पाल रखे थे। करीब डेढ़ महीने पहले चोर दोनों डॉग भी चोरी कर ले गए। इस मामले में भी शिकायत के बावजूद अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। आईजी ने दिए कार्रवाई के निर्देश जनसुनवाई के दौरान आईजी सत्येन्द्र सिंह ने पीड़ित की शिकायत सुनकर संबंधित अधिकारियों को मामले में उचित कार्रवाई करने और जांच में तेजी लाने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। पीड़ित ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी गई भैंसों और डॉग का पता लगाने की मांग की है।