पाली शहर में मिल चाली के सामने स्थित मधुर किराणा जनरल स्टोर में बुधवार देर रात चोरी की वारदात हुई। चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब 15 हजार रुपए की इलाइची, 15 से 20 हजार रुपए की बीड़ी-सिगरेट और अन्य सामान चोरी कर ले गए। गुरुवार सुबह दुकान मालिक के पहुंचने पर घटना का पता चला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। रात करीब दो बजे दुकान में घुसा चोर पाली शहर के मिल चाली के सामने स्थित मधुर किराणा जनरल स्टोर में बुधवार रात करीब दो बजे एक युवक चोरी की नीयत से पहुंचा। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक मुंह पर रूमाल बांधे हुए नजर आया है। ताला तोड़कर बीड़ी-सिगरेट और इलाइची ले गया सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोर ने दुकान का ताला तोड़ा और अंदर घुस गया। इसके बाद वह दुकान से करीब 5 किलो इलाइची चोरी कर ले गया, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा करीब 15 से 20 हजार रुपए की बीड़ी-सिगरेट और अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। सुबह दुकान पहुंचने पर पता चली वारदात गुरुवार सुबह जब दुकान संचालक अशोक कुमार भागवानी दुकान पर पहुंचे तो उन्हें दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने औद्योगिक नगर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है। दो महीने पहले भी हुई थी चोरी दुकान संचालक अशोक कुमार भागवानी ने बताया कि करीब दो महीने पहले भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी। उस समय चोर गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपए चोरी कर ले गए थे। दुकान संचालक ने बताया कि पहली चोरी के बाद उन्होंने गल्ले में नकदी रखना भी बंद कर दिया था। उस समय भी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक उस मामले का खुलासा नहीं हो सका है।