पाली शहर में गली-मोहल्लों में घूम रहे बेसहारा मवेशी अब लोगों की सुरक्षा के लिए चिंता का कारण बनते जा रहे हैं। गुरुवार सुबह 11:36 बजे डेंडों का बास क्षेत्र में गोचरी लेने जा रही जैन साध्वी शुभशिला पर एक मवेशी ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में साध्वी के हाथ और पेट में चोट आई। साध्वी को बचाने पहुंचे एक युवक पर भी मवेशी ने हमला कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम से बेसहारा मवेशियों को शहर से बाहर शिफ्ट करने की मांग की है। अचानक किया हमला जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11:36 बजे जैन साध्वी शुभशिला डेंडों का बास क्षेत्र में गोचरी लेने जा रही थीं। इसी दौरान एक मवेशी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले के दौरान साध्वी के हाथ में मौजूद बर्तन नीचे गिर गए। घटना में उनके हाथ और पेट में चोट आई। साध्वी के साथ चल रहे एक युवक ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन मवेशी ने उस पर भी हमला कर दिया। ऐसे में साध्वी को वहां से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। कई इलाकों में बनी हुई है मवेशियों की समस्या स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में बेसहारा मवेशियों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। उनका आरोप है कि सुभाष नगर ए क्षेत्र में मंदिर के पास कई दिनों से मवेशियों का जमावड़ा लगा हुआ है। लोगों का कहना है कि इस समस्या के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि बेसहारा मवेशियों को पकड़कर शहर से बाहर शिफ्ट किया जाए और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। स्थानीय लोगों ने जताई चिंता डेंडों का बास निवासी आदित्य जैन ने कहा कि इलाके के लोग मवेशियों और कुत्तों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने में भी डर लगता है, क्योंकि पता नहीं कब कोई मवेशी या कुत्ता हमला कर किसी को घायल कर दे। उन्होंने कहा कि आए दिन मवेशी लोगों पर हमला कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार नगर निगम अधिकारी शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं। यह भी पढ़े - *सांड ने महिला को सींगों से उछालकर फेंका:* 9 पसलिया क्रेक, सिर में आए 8 टांकें, जोधपुर में ICU में भर्ती मवेशी के हमले में क्रेक हुई हो चुकी है वृद्धा की पसलिया बता दे कि 3 जुलाई को शहर के सुभाष नगर ए में रहने वाली 60 साल की शांति देवी मोहल्ले में शिव मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। इस दौरान उन्हें मवेशी ने उठाकर पटक दिया। हादसे में उनकी 9 पसलिया क्रेक हो गई और सिर में भी चोट लगी। जोधपुर के एक निजी हॉस्पिटल में अभी भी उनका उपचार जारी है। घायल के बेटे हरीश प्रजापत का कहना है कि हादसे के बाद भी निगम के अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। अभी भी सुभाष नगर ए में मवेशियों का जमावड़ा लगा हुआ है।