पाली में अखंड सौभाग्य की कामना से महिलाओं ने गुरुवार को करवा चौथ का व्रत रखा। व्रत करने वाली कई महिलाएं पूरे दिन निर्जल रहीं। रात 9 बजकर 43 मिनट पर चांद नजर आने पर महिलाओं ने विधि-विधान से चांद का पूजन किया। इसके बाद छलनी से पहले चांद और फिर पति का चेहरा देखकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। पति के हाथ से पानी पीकर व्रत खोला। कई महिलाओं ने करवा चौथ मनाने की रील और फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड भी किए। दिन में बाजारों में खरीदारी और ब्यूटी पार्लर में मेकअप करवाने के लिए महिलाओं की भीड़ रही। करवा चौथ को लेकर सुबह से ही महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। कई महिलाओं ने सुबह पति के साथ मंदिर जाकर दर्शन किए और परिवार की खुशहाली की कामना की। कई महिलाओं ने करवा चौथ को खास बनाने के लिए ब्यूटी पार्लर में जाकर मेकअप करवाया। शहर में एक मॉल के बाहर भी महिलाएं हाथों में मेहंदी लगवाती नजर आईं। व्रत करने वाली महिलाओं ने शाम को पूजन के बाद चांद का दीदार किया। करवा चौथ पर खरीदारी पर दिए ऑफर करवा चौथ को लेकर बाजार में कई व्यापारियों ने कॉस्मेटिक सामग्री, साड़ियों और गहनों पर डिस्काउंट के बोर्ड लगा रखे थे। कई लोग अपनी पत्नी के लिए उनकी पसंद की मिठाई और साड़ी खरीदते नजर आए। कई महिलाओं ने किया उद्यापन करवा चौथ का व्रत करने वाली कई महिलाओं ने व्रत का उद्यापन किया। उन्होंने व्रती महिलाओं को घर बुलाकर समूह में बैठकर पूजन किया। गीत गाकर भगवान की आराधना की। इसके बाद व्रती महिलाओं को जोड़े के साथ और बिना जोड़े भोजन करवाकर सुहाग की सामग्री भेंट की।